टनकपुर/बस्टिया, वन पंचायतों को अधिक मजबूत, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में सोमवार को बस्टिया वन परिसर सक्रिय रहा। वनक्षेत्राधिकारी दोगाड़ी की अध्यक्षता में वन पंचायतों से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन दोगाड़ी रेंज के वन दरोगा महेश सिंह ने किया।
प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में हल्द्वानी से पहुंचे डॉ. डी.के. जोशी ने बूम एवं दोगाड़ी रेंज के दूरस्थ क्षेत्रों से आए वन पंचों व सरपंचों को वन पंचायत नियमावली, माइक्रोप्लान निर्माण तथा पंचायतों में चलने वाले विकासात्मक व संरक्षात्मक कार्यों के प्रभावी संपादन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
डॉ. जोशी ने बताया कि सुव्यवस्थित योजना और पारदर्शी कार्यप्रणाली ही वन पंचायतों को जनसरोकारों से जोड़ने का सबसे मजबूत आधार बन सकती है।
कार्यक्रम में दोगाड़ी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी धीरज जोशी, उपवन क्षेत्राधिकारी पुष्कर दत्त भट्ट, वन दरोगा महेश सिंह, त्रिलोक चंद्र जोशी, लालमणि जोशी, चंद्र कुंवर बिष्ट, प्रदीप चौहान, योगेश जोशी, नारायण दत्त जोशी, प्रियंका अधिकारी, ममता जोशी, मथुरा दत्त जोशी, प्रकाश चंद, दिनेश राम, हृदय सिंह, भरत राम, विद्याधर जोशी, पान सिंह, जानकी देवी, भुवन पंत सहित अनेक वन पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण न केवल वन पंचायतों की कार्य क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय की सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने इस पहल को ग्रामीण वानिकी प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।