हौसले को सलाम—विश्व दिव्यांग दिवस पर चित्रकार दीपक शर्मा का पत्रकार : संगठन ने किया सम्मान
Abid Hussain
Wed, Dec 3, 2025
हौसले को सलाम—विश्व दिव्यांग दिवस पर चित्रकार दीपक शर्मा का चंपावत जिला पत्रकार संगठन ने किया सम्मान
चंपावत। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर चंपावत जिला पत्रकार संगठन ने पाटी ब्लॉक के खरही गांव के 36 वर्षीय दिव्यांग चित्रकार दीपक शर्मा को सम्मानित कर उनके जज़्बे को सलाम किया। दोनों हाथों की अंगुलियां मुड़ी होने के बावजूद दीपक अपनी अद्भुत कलाकृतियों से सभी को चकित कर देते हैं। यह दिवस प्रतिवर्ष तीन दिसंबर को दिव्यांगजनों के अधिकारों, सम्मान और समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चंपावत जिला पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर संरक्षक सीएस जोशी ने दीपक शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर तथा शौल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जोशी ने कहा कि “दीपक नाम ही नहीं, अपने हुनर से भी पूरे क्षेत्र में उजियारा फैला रहे हैं। हाल ही में क्रिकेट में दिव्यांग खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय सफलताओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिबंध नहीं, संकल्प मायने रखता है।”
दुर्गम भींगराड़ा क्षेत्र के निवासी दीपक विषम परिस्थितियों के बीच अपनी पेंटिंग कला के दम पर आजीविका चला रहे हैं। साथ ही वह सोशल मीडिया पर ‘लधिया घाटी ग्रुप’ नामक समाचार समूह संचालित करते हैं, जिसके माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं, दुर्घटनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं।
कार्यक्रम में संगठन के कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, ललित मोहन जोशी समेत कई पत्रकार उपस्थित रहे।
Tags :
अच्छी पहल