बनबसा के गुदमी मे मनरेगा में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, ₹1.01 लाख की : वसूली के आदेश
Abid Hussain
Sat, Dec 20, 2025
चम्पावत। विकास खण्ड चम्पावत की ग्राम पंचायत गुदमी में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कराए गए कार्यों में शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। मनरेगा लोकपाल की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद ₹1,01,677 (एक लाख एक हजार छह सौ सतहत्तर रुपये) की वसूली के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला विकास अधिकारी चम्पावत दिनेश सिंह दिगारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य विकास अधिकारी चम्पावत के कार्यालय पत्र एवं लोकपाल मनरेगा जनपद चम्पावत की जांच आख्या के आधार पर की गई है। लोकपाल द्वारा की गई विस्तृत जांच में ग्राम पंचायत गुदमी में मनरेगा कार्यों के दौरान शासकीय धन के दुरुपयोग की पुष्टि हुई।
जिला विकास अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी चम्पावत को निर्देश दिए हैं कि नियमानुसार संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों से उक्त धनराशि की वसूली सुनिश्चित की जाए तथा की गई कार्यवाही से कार्यालय को अवगत कराया जाए। मामले से संबंधित 23 प्रपत्र भी संलग्न किए गए हैं।
इस कार्रवाई को मनरेगा में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि विकास योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शासकीय धन का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़