“गांधी मैदान टनकपुर में 21 दिसंबर को नालसा का बहुउद्देशीय न्याय शिविर— : वीर परिवारों, आदिवासियों व आमजन को मिलेगी निःशुल्क कानूनी व जनकल्याणकारी सुविधाएं”
Abid Hussain
Tue, Dec 16, 2025
टनकपुर। न्याय को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 21 दिसंबर 2025 को टनकपुर के गांधी मैदान में एक विशाल बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधमसिंह नगर के सहयोग से आयोजित होगा।
प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होने वाले इस शिविर में नालसा (वीर परिवार सहायता) योजना, 2025 तथा नालसा (संवाद–सीमांत कमजोर आदिवासियों एवं विमुक्त घुमंतू जनजातियों के लिए न्याय तक पहुँच को मजबूत करना) योजना, 2025 के अंतर्गत आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। रक्षा बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सेवारत व सेवानिवृत्त कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों को नागरिक, आपराधिक, सेवा एवं कल्याणकारी मामलों में निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, परिवार रजिस्टर की नकल, श्रम विभाग द्वारा मजदूर पंजीकरण (लेबर कार्ड), निःशुल्क फार्म वितरण सहित अनेक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से भी यह शिविर महत्वपूर्ण रहेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी, चम्पावत के सहयोग से निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों का वितरण तथा पात्र व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
शिविर का अधिकतम लाभ उठाने हेतु लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज—दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, आय व निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, जाति व दिव्यांगता प्रमाण पत्र की छायाप्रतियों सहित मूल प्रतियां साथ लेकर आएं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों एवं पैराविधिक स्वयंसेवकों से अनुरोध किया है कि अधिक से अधिक लोगों को शिविर में पहुँचाकर उन्हें लाभान्वित करें।
यह शिविर वास्तव में “न्याय चला निर्धन की ओर” की भावना को साकार करता हुआ, समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और सरकारी सुविधाएं पहुँचाने की एक सशक्त पहल साबित होगा।
जागरूक बनें, सुरक्षित रहें—न्याय सबके लिए।
Tags :
अच्छी पहल