🏑 टनकपुर का हॉकी में दबदबा, चम्पावत को 8-1 से रौंदकर अंडर-23 का : खिताब किया अपने नाम
Abid Hussain
Sun, Aug 30, 2026
टनकपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य एवं जिला खेल कार्यालय चम्पावत के तत्वावधान में आयोजित हॉकी अंडर-23 बालक वर्ग की प्रतियोगिता में टनकपुर स्टेडियम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चम्पावत को 8-1 से करारी शिकस्त देकर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टनकपुर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में भी टनकपुर का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। पहले सेमीफाइनल में टनकपुर स्टेडियम ए ने टनकपुर स्टेडियम बी को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में चम्पावत ने लोहाघाट को 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में टनकपुर की ओर से रोहित ने दो, राजेंद्र ने दो, दिव्यांशु ने दो तथा मनीष और राहुल ने एक-एक गोल दागकर टीम को 8-1 की शानदार जीत दिलाई। चम्पावत की ओर से रोनक ने एकमात्र गोल किया।
प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण राज्य दर्जा मंत्री मनोज कालाकोटी, अम्बा दत्त पंत, लक्ष्मण सिंह पाटनी, केशव भंडारी एवं मीडिया प्रभारी सौरभ गुप्ता ने किया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका स्नेहा, अमोल एवं अभिषेक ने निभाई।
इस अवसर पर स्टेडियम इंचार्ज एवं खेल छात्रावास सहायक प्रशिक्षक (बॉक्सिंग) ललित मोहन कुँवर, फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, मनीषा जोशी, मनमोहन डांगी, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे, ताईक्वांडो प्रशिक्षक इमरान अली सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
टनकपुर की इस शानदार जीत से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अतिथियों एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने विजेता टीम, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी कार्मिकों को बधाई दी।
Tags :
दमदार मिसाल