Sun 03 May 2026

ब्रेकिंग

बच्चों की गुहार—‘हक दिलाओ, सम्मान बचाओ’”

मदरसा शिक्षा में नया सवेरा: अध्यक्ष कासमी ने सरकार के कदम को बताया ऐतिहासिक

दिव्यांगजन

परिवीक्षा, बीमारी का दावा भी निकला झूठा

एआई कैमरों से सुरक्षित होंगे गांव, वन विभाग की अभिनव पहल

सुचना

27 फरवरी से शुरू होगा उत्तर भारत का आस्था महापर्व पूर्णागिरि मेला : श्रद्धालुओं का होगा ‘अतिथि देवो भवः’ भाव से स्वागत : जिलाधिकारी मनीष कुमार

Abid Hussain

Thu, Dec 18, 2025

✍️109 दिनों तक श्रद्धा, सेवा और सुव्यवस्था का संगम

टनकपुर (चंपावत) उत्तर भारत के प्रसिद्ध और आस्था से जुड़े धार्मिक आयोजनों में शुमार पूर्णागिरि मेला इस वर्ष 27 फरवरी से 15 जून तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। 109 दिनों तक चलने वाला यह मेला इस बार परंपरा से हटकर होली से पूर्व एकादशी से आरंभ होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष संदेश और नई शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है।

मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्थाओं को लेकर गहन मंथन किया गया। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी कमलेश बिष्ट ने किया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूर्णागिरि मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और अतिथि सत्कार का पर्व है। दूर-दराज के मैदानी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु हमारे मेहमान हैं और उनका स्वागत मेहमान की तरह किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी और अपडेट रहें।

■■ सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम

मेले के दौरान पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर तक शटल टैक्सी सेवा, तथा भंडारों के लिए निर्धारित स्थल एवं अनुमति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

टनकपुर के एसडीएम आकाश जोशी को मेला मजिस्ट्रेट और जिला पंचायत के एएमए कुलदीप बिष्ट को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि मेला गर्मी के मौसम में आयोजित होता है, ऐसे में श्रद्धालुओं को चंपावत–लोहाघाट–देवीधुरा मार्ग से होकर काठगोदाम भेजने का प्रयास किया जाएगा, जिससे वे जिले की प्राकृतिक सुंदरता और पौराणिक धार्मिक स्थलों के दर्शन भी कर सकें। उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव और मधुर स्मृतियां लेकर लौटें और भविष्य में भी चंपावत जनपद की ओर आकर्षित हों।

■■ स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी चाक-चौबंद

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि पूरे मेला काल में दो एंबुलेंस लगातार तैनात रहेंगी तथा चिकित्सा सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष नीरज पांडे, पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडे, एडीएम केएन गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, सीओ शिवराज सिंह राणा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags :

ब्रेकिंग न्यूज़

जरूरी खबरें