टनकपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो पिकअप के स्टेयरिंग के नीचे : छिपी मिली 250 ग्राम चरस, पीलीभीत का व्यक्ति गिरफ्तार
Abid Hussain
Sat, Oct 17, 2026
ककराली गेट बैरियर पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, 1.07 लाख रुपये नकद और मोबाइल बरामद; तस्करी में प्रयुक्त वाहन सीज
टनकपुर, चंपावत। जनपद चंपावत में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टनकपुर पुलिस और एसओजी चंपावत की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। पुलिस ने ककराली गेट बैरियर पर चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप से 250 ग्राम अवैध चरस बरामद कर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 7 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, वाहन की आरसी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के निर्देशन में उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट तथा एसओजी चंपावत की संयुक्त टीम ककराली गेट बैरियर पर शांति व्यवस्था, रामलीला, पूर्णागिरि मेला ड्यूटी और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहाघाट की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप संख्या UP26-T-7479 को रोककर चेक किया गया। पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक पुलिस को देखकर घबरा गया, जिसके बाद ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी करते हुए वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन के स्टेयरिंग के नीचे रखी सफेद पॉलीथीन से 250 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद असलम (करीब 50 वर्ष), पुत्र लतीफ, निवासी मोहल्ला हाथीखाना, कोतवाली पीलीभीत, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
लोहाघाट क्षेत्र से चरस जुटाने की बात कही
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस का सेवन करने का आदी है और लोहाघाट क्षेत्र से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र कर अपने सेवन के लिए ले जा रहा था। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में कोतवाली टनकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 66/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह रावत, एसओजी के हेड कांस्टेबल नासिर हुसैन, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल सूरज और कांस्टेबल सतवंत सिंह शामिल रहे।
Tags :
चंपावत पुलिस की कार्रवाई