Wed 18 Nov 2026

ब्रेकिंग

भैयाजी जोशी

10,400 रुपये के चालान, मचा हड़कंप

बनबसा-टनकपुर में चलाया जनसंपर्क अभियान

विजन पब्लिक स्कूल का दबदबा

सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन’ पुरस्कार

सुचना

चिकित्सा पद्धतियों में टकराव नहीं, समन्वय जरूरी, तभी बनेगा स्वस्थ समाज : भैयाजी जोशी

Abid Hussain

Wed, Nov 18, 2026

योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर विशेष मंथन, आयुष मंत्रालय और यूकॉस्ट के संयुक्त सहयोग से जुटे विशेषज्ञ

टनकपुर। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए चिकित्सा की विभिन्न पद्धतियों के बीच प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और समन्वय जरूरी है। चिकित्सा का उद्देश्य किसी एक पद्धति को श्रेष्ठ साबित करना नहीं, बल्कि रोगी को स्वस्थ बनाना होना चाहिए। यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश जोशी (भैयाजी जोशी) ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में व्यक्त किए।

नवयोग सूर्योदय सेवा समिति, आयुष मंत्रालय एवं उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में योग, प्राकृतिक चिकित्सा, भारतीय पारंपरिक स्वास्थ्य ज्ञान, पंचमहाभूत और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। योगाचार्य मंजरी जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य प्रस्तुत किए। बैंकॉक से पहुंचीं डॉ. अलका गुप्ता ने भी अपने विचार रखे।

मुख्य अतिथि भैयाजी जोशी ने कहा कि किसी भी एक चिकित्सा पद्धति से सभी रोगों का उपचार संभव नहीं है। एलोपैथी सहित योग, प्राकृतिक चिकित्सा और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की अपनी-अपनी विशेषताएं हैं। ऐसे में सभी पद्धतियों को एक-दूसरे का पूरक बनकर काम करना चाहिए। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा को प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन स्थापित करने वाली महत्वपूर्ण पद्धति बताया।

उन्होंने पंचमहाभूत, पंचकर्मेंद्रियों एवं पंचज्ञानेंद्रियों के महत्व को समझाते हुए कहा कि मानव स्वास्थ्य का प्रकृति से गहरा संबंध है। जलवायु प्रदूषण, जल का दुरुपयोग और प्राकृतिक संसाधनों का लगातार दोहन मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। इसलिए बेहतर स्वास्थ्य के लिए चिकित्सा के साथ प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने भारतीय चिकित्सा परंपराओं के संरक्षण, अनुसंधान और प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।

वैदिक ज्ञान और पंचमहाभूतों में छिपा है स्वस्थ जीवन का सूत्र

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता योग गुरु नवदीप जोशी ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा की जड़ें भारतीय वैदिक ज्ञान परंपरा में समाहित हैं। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पंचमहाभूत मानव शरीर एवं प्रकृति के संतुलन के मूल आधार हैं। योग, प्राकृतिक आहार, स्वच्छ जल, शुद्ध वायु, सूर्य का प्रकाश और नियमित दिनचर्या स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण अंग हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन में स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारियों से मुक्त होना नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से संतुलित जीवन जीना है। आवश्यकता है कि भारतीय पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान का वैज्ञानिक आधार पर अध्ययन और अनुसंधान किया जाए, ताकि इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सूर्योदय सेवा समिति के संरक्षक डॉ. देवी दत्त जोशी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश जोशी एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित बंशीधर उपाध्याय मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को जनजीवन से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य तस्वीर एवं योगाचार्य भावना ने किया। अंत में डॉ. नवनीत जोशी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Tags :

अच्छी पहल

विज्ञापन

जरूरी खबरें