Tue 25 Aug 2026

ब्रेकिंग

95 लोगों ने उठाया लाभ

लाख का सिंगल प्रीमियम बिजनेस

पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच

ग्रामीणों ने जताया आभार

सुचना

टनकपुर पावर स्टेशन बनबसा में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, : 95 लोगों ने उठाया लाभ

Abid Hussain

Tue, Aug 25, 2026

बनबसा। एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन प्रशासन की ओर से कर्मचारियों, उनके परिजनों, सीआईएसएफ जवानों और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को पावर स्टेशन चिकित्सालय परिसर, बनबसा में निःशुल्क मासिक ओपीडी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। बीएलके-मैक्स अस्पताल, नई दिल्ली तथा निरंजना नेत्र चिकित्सालय, खटीमा के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 95 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर का शुभारंभ महाप्रबंधक (विद्युत) मो. जावेद अंसारी ने किया। इस अवसर पर पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सालय की टीम मौजूद रही। शिविर में बीएलके-मैक्स अस्पताल के हड्डी सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. शॉगनिक पाल, सामान्य एवं मिनिमल एक्सेस सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक गोयल तथा निरंजना नेत्र चिकित्सालय, खटीमा के नेत्र रोग विशेषज्ञ लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. आशीष सक्सेना ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

चिकित्सकीय जांच से पूर्व आयोजित हेल्थ टॉक में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निवारक स्वास्थ्य उपायों, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। वहीं फिजियोथेरेपिस्ट ने सामान्य व्यायाम एवं शारीरिक फिटनेस से संबंधित उपयोगी जानकारी दी।

शिविर में पावर स्टेशन के कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों के साथ सीआईएसएफ के जवानों और आसपास के स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

एनएचपीसी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए लोगों ने कहा कि संस्थान की ओर से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना सराहनीय कदम है। इससे विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं लोगों को उनके नजदीक ही उपलब्ध हो रही हैं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। शिविर के सफल आयोजन में पावर स्टेशन अस्पताल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Tags :

अच्छी पहल

जरूरी खबरें