आमबाग स्थित वन निगम की बदहाल सड़क बनी परेशानी की जड़, टुकटुक चालकों : का दर्द छलका सोशल मीडिया पर
Abid Hussain
Sun, Dec 28, 2025
आमबाग की बदहाल सड़क बनी परेशानी की जड़, टुकटुक चालकों का दर्द छलका सोशल मीडिया पर
टनकपुर/आमबाग क्षेत्र में मंडी समिति के बगल से वन निगम कॉलोनी को जाने वाली सड़क बीते कई वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही है। उबड़-खाबड़, पथरीली और जर्जर हालत में पड़ी यह सड़क न सिर्फ आम नागरिकों के लिए मुसीबत बनी हुई है, बल्कि सबसे अधिक परेशानी टुकटुक चालकों को झेलनी पड़ रही है।
टुकटुक चालकों का कहना है कि जब किसी बीमार या असहाय सवारी को वन निगम कॉलोनी के भीतर छोड़ने जाना पड़ता है, तब यह सड़क उनकी मजबूरी और पीड़ा दोनों बन जाती है। गड्ढों और पत्थरों से भरी सड़क पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो जाता है, जिससे कई बार मरीजों को भी अतिरिक्त तकलीफ झेलनी पड़ती है।
फेसबुक के मंच के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ता एवं आटो चालक अतीकउर रहमान सहित समस्त टुकटुक चालकों ने एकजुट होकर इस सड़क के शीघ्र जीर्णोद्धार की मांग उठाई है। उनका कहना है कि शहर में सड़कों का जाल तेजी से बिछाया जा रहा है, लेकिन वन विभाग की कॉलोनी को जोड़ने वाली यह अहम सड़क अब तक उपेक्षा का शिकार क्यों है, यह बड़ा सवाल है।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि वर्षों से शिकायतें और मांगें उठने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। नतीजा यह है कि हर दिन इस सड़क से गुजरने वाले लोग धूल, गड्ढों और हादसों के डर के बीच सफर करने को मजबूर हैं।
अब देखना यह है कि सोशल मीडिया पर उठी यह आवाज प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक कब पहुंचती है और कब आमबाग की यह बदहाल सड़क विकास की राह पर लौटती है। स्थानीय नागरिकों और टुकटुक चालकों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कर आवागमन को सुगम बनाया जाए, ताकि रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।
Tags :
अधिकारियों की लापरवाही