जनता मिलन की संवेदनशीलता रंग लाई जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मौके पर : पहुंचकर कराया भूमि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान
Abid Hussain
Tue, Dec 23, 2025
चंपावत/ जनता की समस्याओं के त्वरित एवं मानवीय समाधान की दिशा में जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। ढकना निवासी बसंती देवी की भूमि से संबंधित लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कराया।
दरअसल, जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान बसंती देवी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया था कि उनके आवास तक जाने वाला मार्ग पड़ोसियों राजेंद्र सिंह मेहरा एवं श्रीमती मंजू अधिकारी—के आवास के कारण अवरुद्ध हो गया है, जिससे उनके दैनिक आवागमन में गंभीर कठिनाई उत्पन्न हो रही है। कई दिनों तक आपसी प्रयासों के बावजूद जब कोई सहमति नहीं बन सकी, तब उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य एवं तहसीलदार बृजमोहन आर्य राजस्व अभिलेखों के साथ मौके पर पहुंचे। भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया, जहां तीनों पक्ष उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी की बातों को धैर्यपूर्वक सुना और समस्या की जड़ को समझा।
जिलाधिकारी ने सभी पक्षों को आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ समाधान निकालने की समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पड़ोसी होने के नाते एक-दूसरे के सुख-दुख में सहयोग करना सामाजिक जिम्मेदारी है और छोटी-छोटी समस्याओं को न्यायालयों में ले जाने के बजाय संवाद व समझदारी से सुलझाना ही बेहतर होता है।
जिलाधिकारी की पहल, सकारात्मक संवाद और मानवीय दृष्टिकोण का परिणाम यह रहा कि तीनों पक्षों ने मौके पर ही आपसी सहमति से बसंती देवी को उनके घर तक आने-जाने का रास्ता उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की। इस प्रकार विवाद का शांतिपूर्ण एवं स्थायी समाधान संभव हो सका।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एम.सी. पलड़िया सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
यह मामला न केवल प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि संवाद, समझदारी और मानवीय दृष्टिकोण से जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान संभव है।
Tags :
अच्छी पहल