वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल यादव व उनके परिजनों पर अराजक तत्व द्वारा किए : गए हमले के मामले मे खटीमा के पत्रकारों ने आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की करी मांग, सीएम को भेजा ज्ञापन
खटीमा/ टनकपुर क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल यादव एवं उनके परिजनों पर अराजक तत्व द्वारा किए गए हमले के मामले में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा में भी मीडिया कर्मियों ने इस मामले में आक्रोश जताते हुए आरोपियों पर कडी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त समाचार के अनुसार आज मंगलवार को खटीमा में उत्तराखंड मीडिया क्लब के अध्यक्ष दीपक फुलेरा के नेतृत्व में क्लब के समस्त पत्रकारों सहित अन्य पत्रकारों ने उप जिला अधिकारी तुषार सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित कर बीते दिनों टनकपुर के वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल यादव तथा उनके परिजनों पर अराजक तत्वों द्वारा किए गए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषी अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने, दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने,
निष्पक्ष जांच करने तथा पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। 
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन मे बताया गया कि वरिष्ठ पत्रकार बाबू लाल यादव घर से मीडिया कवरेज के लिए निकल रहे थे तभी घर से थोड़ी दूरी पर घात लगाकर बैठे कुछ अराजक तत्वों ने लाठी डंडों और हाॅकी से लैस होकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर बीच बचाव के लिए उनके परिजन भी मौके पर पहुंचे तो अराजक तत्वों द्वारा उन पर भी जानलेवा हमला कर मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार द्वारा दोषी अराजक तत्वों के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी गई जिस पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस मामले में उत्तराखंड मीडिया क्लब के अध्यक्ष दीपक फुलेरा ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि आरोपियों की तरफ से भी
पुलिस द्वारा पीड़ित पत्रकार के खिलाफ एससी एसटी सहित विभिन्न धाराओं में क्राॅस मुकदमा दर्ज कर आरोपी अराजक तत्वों को संरक्षण देने का काम किया है। जिससे उनके हौसले बुलंद है। कहा कि आरोपी अराजक तत्वों से पीड़ित पत्रकार बाबूलाल तथा उनके परिजनों को खतरा बना हुआ है। इसलिए संगठन ने मांग की है कि मामले में उच्च स्तरीय जांच कर दोषी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा प्रदान की जाए। ज्ञापन देने वालों में उत्तराखंड मीडिया क्लब अध्यक्ष दीपक फुलेरा, संरक्षक हीरा सिंह, महासचिव गोरखनाथ,उपाध्यक्ष मुस्तकीम मलिक, मीडिया कोऑर्डिनेटर इस्तियाक अंसारी, कोषाध्यक्ष उत्तम कुमार, राजपूत,गगन सिंह, हरेंद्र प्रसाद,शंकर पालियाल,सुनील सैनी, डॉ एस के राय अरविन्द कुमार, सूरज गुसाई आदि पत्रकार मौजूद रहे।
Tags :