संवाददाता, "कुंदन बिष्ट" बनबसा : राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी में उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न
Abid Hussain
Fri, Apr 10, 2026
बनबसा/ राजकीय महाविद्यालय, अमोड़ी में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो० (डॉ०) अजिता दीक्षित, नोडल अधिकारी डॉ० दिनेश कुमार गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक जयेंद्र विक्रम शर्मा एवं प्राध्यापकों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को गरिमामयी शुरुआत प्रदान की।
प्राचार्य प्रो० (डॉ०) अजिता दीक्षित ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि महाविद्यालय निरंतर छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक कौशल के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नोडल अधिकारी डॉ० दिनेश कुमार गुप्ता ने देवभूमि उद्यमिता योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं विभिन्न अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी बूट कैंप, उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) एवं स्टार्टअप से जुड़े आयोजनों की जानकारी साझा करते हुए छात्रों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद से पधारे प्रोजेक्ट ऑफिसर जयेंद्र विक्रम शर्मा ने अत्यंत सरल एवं प्रभावी ढंग से विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उनके व्याख्यान ने छात्रों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मेंटरशिप, वेंचर सपोर्ट एवं वित्तीय सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर छात्रा किरन नेगी द्वारा एपण कला पर आधारित सुंदर एवं आकर्षक कलाकृतियों का प्रदर्शन किया गया, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ० अर्चना वर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में डॉ० संजय कुमार, डॉ० रंजना सिंह, डॉ० अतुल मिश्र, संजय कुमार गंगवार, हरीश चन्द्र जोशी, हरीश चन्द्र ओझा, दशरथ बोहरा, दिनेश रावत सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता ने यह सिद्ध किया कि राजकीय महाविद्यालय, अमोड़ी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु सतत प्रतिबद्ध है।
Tags :
अच्छी पहल