52वें स्थापना दिवस पर धूमधाम से गूंजा टनकपुर पावर स्टेशन, : रंगारंग कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Abid Hussain
Tue, Nov 24, 2026
टनकपुर/बनबसा। ऊर्जा, विकास और राष्ट्रसेवा के 52 वर्षों के गौरवशाली सफर का जश्न एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन में सोमवार को बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर दिनभर खेलकूद प्रतियोगिताओं, मेले, बच्चों की प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। शाम को संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पावर स्टेशन प्रमुख एवं महाप्रबंधक ऋषि रंजन आर्य तथा महाप्रबंधक (विद्युत) जावेद अंसारी ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार रहे। अतिथियों का स्वागत किया गया, दीप प्रज्ज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। राष्ट्रगीत और एनएचपीसी गीत की प्रस्तुति के बाद परियोजना प्रमुख ने संस्थान की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
स्थापना दिवस के अवसर पर एनएचपीसी मेले का उद्घाटन किया गया। मेले में विभिन्न स्टॉल लगाए गए, वहीं मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने खूब आकर्षित किया। कर्मचारियों और परिवारों ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल और मनोरंजन के बीच मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।
दोपहर में एनएचपीसी नर्सरी स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के बच्चों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। विभिन्न व्यंजनों के स्टॉलों पर लोगों ने स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया, जिससे आयोजन में मेले जैसा उल्लास नजर आया।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या समारोह का विशेष आकर्षण रही। अतिथियों एवं पावर स्टेशन प्रमुख का स्वागत करने के बाद परियोजना प्रमुख ने संदेश दिया। शाम छह बजे से बनबसा के ‘सादक बैंड’ ने अपनी प्रस्तुति से माहौल संगीतमय बना दिया। इसके बाद ‘Sherry The Singer’ (HIMNAAD) की प्रस्तुति ने देर शाम तक दर्शकों को संगीत और मनोरंजन से बांधे रखा। रात नौ बजे महाप्रबंधक (विद्युत) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर के एसपी अजय गणपति, चंपावत एसपी रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य, शहरी विकास विभाग की उपाध्यक्ष हेमा जोशी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, महिला प्रकोष्ठ मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुनीता मुरारी, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रुचि धस्माना, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी, मंडल उपाध्यक्ष विनीत जोशी, सभासद मोहन ठाकुर, असिस्टेंट कमांडेंट राजेश कुमार, अमित जोशी सहित एनएचपीसी के तमाम अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एनएचपीसी का 52वां स्थापना दिवस संस्थान की उपलब्धियों, कर्मचारियों के समर्पण, आपसी एकजुटता और भविष्य की ऊर्जा यात्रा का उत्सव बनकर सामने आया। दिनभर चले कार्यक्रमों और शाम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। उत्साह, उमंग और उल्लास से भरे माहौल में एनएचपीसी परिवार ने अपने 52 वर्षों के गौरवशाली सफर को उत्सव के रूप में साझा किया।
Tags :
दमदार मिसाल
विज्ञापन