: नगर उद्योग व्यापार मंडल ने अतिक्रमण के नाम पर कार्रवाई को रोके जाने की मांग करते हुए, रेल मंत्री से पीड़ितों के पुनर्वास की करी मांग, भेजा ज्ञापन
admin
Mon, Oct 7, 2024
टनकपुर /नगर उद्योग व्यापार मंडल के समस्त पदाधिकारियो ने अतिक्रमण के नाम पर रेलवे विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्ति की है। इस मामले में व्यापार मंडल के द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को स्टेशन अधीक्षक के. डी. कापड़ी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर अतिक्रमण के नाम पर कार्रवाई को रोके जाने की मांग की है।सोमवार को रेल मंत्री को भेजे गए ज्ञापन में बताया गया कि अमृत भारत रेल परियोजना के तहत रेलवे द्वारा टनकपुर शहर में मेन रोड पर स्थित 50 वर्षों से काबिज व्यापारियों की दुकानों को अतिक्रमण के नाम पर करवाई करने का नोटिस दिया गया है।

इससे पूर्व भी रेलवे विभाग की ओर से कई दुकान आवास तोड़े गए हैं। और पुन: फिर से 132 दुकान एवं आवास तोड़ने की बात संबंधित विभाग कर रहा है। बताया गया कि यह सभी पीड़ित परिवार लगभग 70 वर्षों से उक्त भूमि पर काबिज हैं। पीड़ित सभी लोग निम्न वर्ग के लोग हैं। उनके पास उक्त भूमि के अलावा कोई भी आय का जरिया नहीं है। अतिक्रमण के नाम पर उनके प्रतिष्ठानों को तोड़े जाने की स्थिति में इन परिवारों के सम्मुख बच्चों की पढ़ाई तथा रोजी-रोटी का संकट गहरा रहा है। यह सभी पीड़ित परिवार बेघर होकर सड़क पर आ जाएंगे। बताया कि उक्त लघु व्यवसायी एवं परिवार पिछले कई वर्षों से नगर पालिका को हाउस टैक्स, बिजली बिल, पानी बिल, जीएसटी कर देते आ रहे हैं।

एवं यह समस्त लोग उत्तराखंड के स्थाई निवासी हैं। इस मामले में नगर उद्योग व्यापार मंडल की कार्यकारिणी ने पीड़ित लोगों की सुध ली है। व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित लोगों की समस्या को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में नगर उद्योग व्यापार मंडल ने अतिक्रमण के नाम पर लघु व्यवसाइयो और समस्त परिवारों को रोजी-रोटी से वंचित न करने की अपील करते हुए इन सभी दुकानदार एवं परिवारों पर मानवीय आधार पर भविष्य को देखते हुए रेल मंत्री से पुनर्वास की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है। साथ ही ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय और एसडीएम टनकपुर को भेजी गई है। ज्ञापन देने के दौरान महामंत्री संजय पांडे, उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गिरीश वर्मा, विजेंद्र अग्रवाल, आनंद सरकार, संग्राम सिंह, राकेश कुमार, लक्ष्मी भट्ट, सहित तमाम पीड़ित लोग मौजूद रहे।
Tags :