: टनकपुर: रेलवे के नोटिस से पीड़ित लोगों में पनपा गुस्सा सड़कों पर उतरकर जताई नाराजगी, सीएम से लगाई न्याय की गुहार
admin
Fri, Oct 25, 2024
टनकपुर। रेलवे विभाग की ओर से मकानो पर चस्पा किए गए नोटिस से खिन्न होकर अतिक्रमण की जद में आए लोग शुक्रवार को अचानक सड़क पर उतर आए। इस बीच सभी पीड़ितो ने अतिक्रमण विरोधी अभियान के खिलाफ रेलवे फाटक से शास्त्री चौक तक की दुकानें बंद करने के पश्चात कैंप कार्यालय पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भेज कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग की। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एकाएक रेल मंडल प्रबंधक के निर्देश पर रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण वाले स्थानों पर नोटिस चस्पा किए। तो वर्षों से काबिज लोगों के बीच खलबली मच गई। नोटिस लगाए जाने से नाराज सभी पीड़ित लोग शास्त्री चौक पर जमा हो गए, और आप प्रवक्ता संगीता शर्मा के नेतृत्व में लोगों ने रेलवे की तरफ से हो रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में रेलवे फाटक से शास्त्री चौक तक प्रतिष्ठान बंद कराए। आक्रोशित लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि कई दशक पूर्व हुए भीषण अग्निकांड के बाद तत्कालीन सीएम एनडी तिवारी ने पीड़ित परिवारों को यहां बसाया था। पीड़ित लोगों ने आरोप लगाया कि रेलवे विभाग बगैर गजट नोटिफिकेशन दिखाए जमीन का अधिग्रहण कर रहा है। और रेलवे प्रशासन उनके घरों को उजाड़ने में लगा है। पीड़ित लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर उनके साथ न्याय किए जाने की मांग की है। इस मौके पर रविंद्र प्रसाद, पीसी भट्ट, नीलम गुप्ता, गौरव गुप्ता, सुनील वाल्मीकि, रमेश तिवारी, सुरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र शर्मा, रविंदर, उषा देवी, तौसीफ, विजय शर्मा, राम किशोर कश्यप, मंगल, पूरन चंद भट्ट, मोहसिन, पूजा, पुष्पा, रोशनी, दीपक, कंचन, कौशल्या, उदय, मो़ सलीम, खुर्शीदा, शरीफ, शहंशाह, कविता, विजय शर्मा, कुसुम देवी आदि रहे।
Tags :